गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का नहीं है यह वीडियो, जानें सच
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो में आरोपी असद नहीं है. वीडियो में नजर आ रहा युवक करण है, जो अप्रैल 2026 में दिल्ली के शालीमार बाग में हुई एक हत्या के मामले में आरोपी है.

सोशल मीडिया पर बकरीद के दिन गाजियाबाद में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड से जोड़कर एक असंबंधित वीडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि सूर्या चौहान की हत्या के बाद आरोेपी असद ने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर पोस्ट किया था.
बूम ने जांच में पाया कि वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है. वायरल वीडियो अप्रैल 2026 का है और इसमें दिख रहा युवक असद नहीं बल्कि करण उर्फ तरुण है, जो दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में हुई एक हत्या के मामले में आरोपी है.
गाजियाबाद में 28 मई को बकरीद के दिन हुई 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. वहीं अब तक तीन नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है.
सोशल मीडिया पर क्या है वायरल?
एक्स और फेसबुक पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक किसी की हत्या की बात कबूलता नजर आ रहा है. यूजर इसे आरोपी असद का वीडियो बताते हुए लिख रहे हैं कि सूर्या की हत्या के बाद उसने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर किया था. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल में क्या मिला:
वायरल वीडियो पुराना है
बूम ने वायरल वीडियो की जांच के लिए इसके कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. इसके जरिए बूम को एनडीटीवी के इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनल पर 3 अप्रैल 2026 का अपलोड किया गया यही वीडियो मिला, जो बताता है कि वीडियो हाल का नहीं बल्कि सूर्या हत्याकांड से पहले का है.
वीडियो में सूर्या हत्याकांड का आरोपी असद नहीं है
इसके साथ दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली के करण कुमार (18) ने कथित तौर पर हत्या के बाद इंस्टाग्राम अकाउंट 'villain_dad_ok_109' पर एक वीडियो पोस्ट किया था. वीडियो में उसने अपने फॉलोअर्स को संबोधित करते हुए कहा, "तुम्हारे भाई ने मर्डर मार दिया है."
हमने वायरल वीडियो में भी मेंशन इस 'villain_dad_ok_109' को सर्च किया. इस इंस्टाग्राम अकाउंट के प्रोफाइल में भी यूजर का नाम करण ही बताया गया है. इससे जुड़े यूट्यूब चैनल पर युवक के और भी वीडियो देखे जा सकते हैं.
घटना पर मौजूद हैं न्यूज रिपोर्ट
आगे हमें इस घटना से संबंधित कई मीडिया रिपोर्ट मिली. लल्लनटॉप, इंडिया टुडे, नवभारत टाइम्स और न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 2 अप्रैल 2026 की है. दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मामूली विवाद के बाद 20 वर्षीय नितेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में आरोपियों की पहचान करण उर्फ तरुण (18), मोंटी (22) और एक नाबालिग के तौर पर हुई थी.
हत्या के बाद मुख्य आरोपी करण ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया था, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए अंदर (जेल) जाने की बात कही थी. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.



