कॉकरोच जनता पार्टी के भ्रष्ट दरोगा को पकड़ने और पथराव के दावे वायरल वीडियो का सच जानिए
बूम ने पाया कि वायरल हो रहे दोनों वीडियो फरवरी 2026 से इंटरनेट पर मौजूद हैं और अलग-अलग घटनाओं से संबंधित हैं.

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान के बाद शुरू हुई मुहिम कॉकरोच जनता पार्टी इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में है. इंस्टाग्राम पर इसके बढ़ते फॉलोवर्स के नंबर ने कई बड़ी पॉलिटिकल पार्टियों को भी पीछे छोड़ दिया है.
इस बीच सोशल मीडिया पर दो ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिन्हें कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. बूम के फैक्ट चेक में सामने आया कि दोनों ही वीडियो कैंपेन की घोषणा के पहले से इंटरनेट पर मौजूद हैं.
सोशल मीडिया पर क्या है दावा
पहला वीडियो
पहली क्लिप में एक दरोगा को पकड़कर कुछ लोग उसकी जेब से नोटों की गड्डियां निकालते दिख रहे हैं. इसे शेयर करने वाले लोगों का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने सिस्टम की सफाई शुरू कर दी है और छत्तीसगढ़ में 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एक दरोगा को रंगे हाथों पकड़ा गया.
दूसरा वीडियो
दूसरे वीडियो में कुछ लोग पुलिस की गाड़ियों पर पथराव करते दिख रहे हैं. इसे शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर लिख रहे हैं कि कॉकरोच सड़कों पर उतर चुके हैं.
पड़ताल में क्या मिला:
छत्तीसगढ़ में ACB की टीम ने दरोगा को पकड़ा था
पहला वीडियो फरवरी 2026 का है जब छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक सबइंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ को रिश्वत मामले में अरेस्ट किया था.
वायरल क्लिप में दिख रहे इंस्टाग्राम हैंडल @awaaz_1.4b पर हमें मूल वीडियो मिला जिसे 25 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था. इसके कैप्शन में बताया गया था कि शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने छत्तीसगढ़ के सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था. गिरफ्तारी के बाद सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
संबंधित कीवर्ड से सर्च करने पर हमें इस घटना पर पत्रिका और नवभारत टाइम्स. कॉम की न्यूज रिपोर्ट भी मिली. इसमें बताया गया था कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के बचरापोड़ी तहसील क्षेत्र में गड्ढे में डूबकर एक मजदूर के बेटे की मौत हो गई थी.
बचरापोड़ी पुलिस चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ ने प्राकृतिक मौत के इस मामले को हत्या का केस बनाकर जमीन मालिक को फंसाने की धमकी दी थी और 50,000 रुपये की रिश्वत की डिमांड की थी.
शिकायत मिलने पर एसीबी की टीम ने प्लान बनाकर आरोपी सब इंस्पेक्टर और उसके सहयोगी एएसआई को 25 हजार रुपये की पहली किश्त लेते हुए गिरफ्तार किया था.
मथुरा में गोरक्षक की मौत के बाद पथराव
हमारे फैक्ट चेक में सामने आया कि दूसरा वीडियो मथुरा में मार्च महीने में एक गोरक्षक की मौत के बाद हुए हिंसक प्रदर्शन से जुड़ा है.
सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें एनडीटीवी इंडिया के एक्स अकाउंट से 21 मार्च 2026 को पोस्ट किए गए वीडियो मिले जिसमें वायरल क्लिप भी मौजूद थी. इसके कैप्शन में बताया गया था कि मथुरा में गोतस्करों ने गोरक्षक फरसा वाले बाबा की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी जिसके बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया.
दरअसल, मथुरा के कोसीकलां में 21 मार्च को फरसा वाले बाबा उर्फ चंद्रशेखर की मौत के बाद दिल्ली-आगरा नेशनल हाइवे पर जमकर हंगामा हुआ था और पुलिस पर पथराव किया गया था. इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
आगे हमें एबीपी की वीडियो रिपोर्ट मिली जिसमें पुलिस का बयान शामिल था. मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने चंद्रशेखर की मौत को हादसा बताया और गोतस्करी के एंगल से इनकार किया. उनका कहना था कि चंद्रशेखर गोवंश के शक पर एक गाड़ी चेक कर रहे थे इस पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिस पर राजस्थान की नंबर प्लेट थी. हादसे में उनकी जान चली गई थी.
कॉकरोच जनता पार्टी का अनाउंसमेंट मई 2026 में हुआ है और हमारे फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि दोनों वीडियो इससे पहले के हैं और अलग-अलग घटनाओं से जुड़े हैं.


