उत्तराखंड का पुराना वीडियो राम मंदिर में दलित महिला के साथ दुष्कर्म के दावे से वायरल
बूम ने पाया कि वीडियो की पहली क्लिप उत्तराखंड के हल्द्वानी से है. वहीं दूसरी क्लिप उन्नाव रेप केस के आरोपी कुलदीप सेंगर को मिली जमानत के बाद हुए प्रदर्शन की है और तीसरी क्लिप लखनऊ में एक रेप केस से जुड़े आरोपियों की है.

राजधानी दिल्ली समेत देशभर में महिला सुरक्षा को लेकर उठते सवाल के बीच सोशल मीडिया पर अयोध्या स्थित राम मंदिर में दलित महिला के साथ बलात्कार के दावे से एक वीडियो वायरल हो रहा है.
वीडियो में दो क्लिप शामिल हैं. पहली क्लिप में एक महिला अपनी बेटी को लेकर रोती-बिलखती दिख रही है. वहीं दूसरी क्लिप में एक युवती मीडिया से बात करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधती और देश में हो रही रेप की घटनाओं के बीच महिला सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखती नजर आती है. वीडियो के अंत में रेप के दो आरोपियों के तौर पर 'पियूष मिश्रा' और 'शुभम मिश्रा' के नाम का जिक्र किया गया है.
एक्स और फेसबुक जैसे माध्यमों पर इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं, 'राम मंदिर के अंदर दलित महिला के साथ बलात्कार! जब मंदिरों में यह हो सकता है तो बाहर लड़कियां कैसे सुरक्षित रहेंगी!'
पड़ताल में क्या मिला:
हमने राम मंदिर के भीतर हाल में हुई ऐसी किसी घटना से संबंधित खबरों की तलाश की, लेकिन हमें वायरल दावे का समर्थन करती कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली.
1. वीडियो की पहली क्लिप उत्तराखंड से है
वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें The Sentinel के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर 6 मार्च 2026 को पोस्ट किया गया यह वीडियो मिला.
इसके कैप्शन में इसे उत्तराखंड के हल्द्वानी का बताया गया, जहां स्थित बुद्धा पार्क में एक महिला अपने ससुराल वालों द्वारा परेशान किए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी.
दैनिक जागरण, पंजाब केसरी उत्तराखंड और उत्तराखंड न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने पुलिस पर भी मामले में कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए थे. इस बीच धरने के दौरान पीड़िता की तबीयत भी बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
2. दूसरी क्लिप कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ हुए प्रदर्शन से जुड़ी है
पड़ताल के दौरान हमें दूसरी क्लिप TV 14 भारत के यूट्यूब चैनल पर 25 दिसंबर 2025 को अपलोड किए गए वीडियो में मिली. इसमें एक युवती उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत की आलोचना करती नजर आ रही है.
बता दें कि दिसंबर 2025 में उन्नाव रेप केस में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 29 दिसंबर 2025 को हाई कोर्ट के इस आदेश पर रोक लगा दी थी.
3. आरोपी पियूष और शुभम लखनऊ के एक मामले से जुड़े हैं
वीडियो के अंत में मेंशन आरोपी पियूष और शुभम लखनऊ के एक मामले से जुड़े हुए हैं. एनडीटीवी और अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक पियूष और शुभम के नाम नवंबर 2025 में लखनऊ में दर्ज एक नाबालिग से रेप के मामले में सामने आए थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया था.
साल 2024 में राम जन्मभूमि परिसर में सफाई का काम करने वाली दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप का एक मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था. हालांकि यह घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई थी. हमारी जांच से साफ है कि वायरल वीडियो की क्लिप अलग-अलग घटनाओं से जुड़ी हैं


