बिस्मिल्लाह खान का घर ढहने पर विवाद: विपक्ष के आरोपों पर परिजनों और प्रशासन ने क्या कहा
बूम को ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान बिस्मिल्लाह खान के परपोते ने बताया कि घर तोड़ने का यह फैसला प्रशासन का नहीं बल्कि परिवारजनों का था.

दिवंगत मशहूर शहनाई वादक और भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के वाराणसी स्थित करीब सौ साल पुराने पुश्तैनी घर को लेकर उस वक्त विवाद छिड़ गया, जब अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेताओं ने उनके घर ढहाए जाने को लेकर भाजपा और यूपी सरकार पर निशाना साधा.
हालांकि बिस्मिल्लाह खान के घरवालों और वाराणसी प्रशासन का कहना है कि यह परिजनों का निजी फैसला था.
बूम को उस्ताद के परपोते ने बताया कि मकान की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी, इसलिए इसे तोड़कर नए सिरे से बनाने का फैसला किया गया. उन्होंने बताया कि मकान की पहली मंजिल पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का म्यूजियम बनाया जाएगा, जबकि उसके ऊपर परिवार के रहने के लिए आवास तैयार किया जाएगा.
अखिलेश यादव और संजय सिंह ने योगी सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टूटे हुए घर के मलबे का वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर कला विरोधी होने का आरोप लगाया और बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी घर को ध्वस्त किए जाने के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे सांस्कृतिक विरासत पर हमला बताया.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए इसे बुलडोजर कार्रवाई से जोड़ा.
आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने भी बिस्मिल्लाह खान की बेटी जरीना बेगम के एक बयान को शेयर करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा. इस बयान में वह अपने संबंधियों पर घर तोड़ने का आरोप लगाते हुए सरकार से हस्तक्षेप की गुहार करती नजर आ रही हैं.
बूम की ग्राउंड जीरो से रिपोर्ट
वाराणसी प्रशासन द्वारा उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पुश्तैनी घर ध्वस्त किए जाने से संबंधित जानकारी के लिए हम सराय हड़हा स्थित उनके आवास पहुंचे. वहां उनके संबंधियों और आसपास के लोगों ने बताया कि घर तोड़े जाने की प्रक्रिया में प्रशासन की कोई भूमिका नहीं है. मकान की हालत काफी जर्जर हो चुकी थी, जिसके चलते परिवार के सदस्यों ने ही यह फैसला लिया है.
वाराणसी पुलिस द्वारा बूम को भेजे गए नोट में भी वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) सचिव वेद प्रकाश मिश्रा के हवाले से स्पष्ट किया गया कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान (सीके 46/63) के पुराने ढांचे को परिवार के सदस्य ही ध्वस्त करवा रहे हैं, ताकि वहां दोबारा निर्माण कराया जा सके.
घर तोड़ने की प्रक्रिया हमारी ओर से शुरू हुई: गाजी अब्बास
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के परपोते गाजी अब्बास ने बूम से बातचीत में कहा, "घर को तोड़ने की प्रक्रिया परिवार की ओर से 7 नवंबर से शुरू की गई." उनके मुताबिक इसे तोड़ने से पहले वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) और प्रशासन से अनुमति भी ली गई थी.
गाजी अब्बास ने बताया, "परिवार की योजना मकान को नए सिरे से बनवाने की है. इसके फर्स्ट फ्लोर पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की धरोहर को संरक्षित करते हुए म्यूजियम बनाया जाएगा और उसके ऊपर रिहायशी निर्माण किया जाएगा."
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का आवास, जहां वह रहते थे. फोटो: जागृति तृषा
नगर निगम ने दिया था म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव
वाराणसी नगर निगम ने ध्वस्तीकरण में किसी तरह की भूमिका इनकार करते हुए बताया कि उनके आवास में संग्रहालय विकसित किए जाने के संबंध में बातचीत की गई थी, लेकिन परिवार ने इसकी सहमति नहीं दी थी. अब भवन का ध्वस्तीकरण परिवार द्वारा स्वयं कराया जा रहा है.
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में वाराणसी नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली, जिसके कारण नगर निगम म्यूजिम बनाने की योजना पर काम नहीं कर सका.
हालांकि परपोते गाजी अब्बास ने बूम को बताया कि करीब तीन महीने पहले नगर निगम की ओर से परिवार को बिस्मिल्लाह खान के कमरे को संग्रहालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया था. लेकिन इसमें पूरा घर शामिल नहीं था, जिस वजह से सहमति नहीं बनी. इसके बाद इस संबंध में कोई सुनवाई नहीं हुई. फिलहाल परिवार अपनी ओर से यह पहल कर रहा है.
बिस्मिल्लाह खान के पोते मोहम्मद सिब्तैन ने भी मीडिया को दिए गए बयानों में बताया है कि प्रशासन की ओर से घर तोड़ने के लिए कोई जोर-जबरदस्ती नहीं की गई है. मकान की हालत को देखते हुए घरवालों ने आपसी सहमति और अनुमति लेने के बाद इसके पुनर्निर्माण का फैसला किया है.
नीचे वायरल खबरों को लेकर परिवार की ओर से जारी किया गया बयान देखा जा सकता है.
आपसी विवाद से बढ़ा मामला
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक एक नवंबर को जब बिल्डर घर तोड़ने पहुंचा, तब परिवार के कुछ सदस्यों ने इसका विरोध किया था. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और आपसी सहमति बनने के बाद काम शुरू हुआ. हालांकि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की बेटी जरीना बेगम ने मकान तोड़े जाने पर आपत्ति जताई थी और पिता की विरासत को संरक्षित करने की अपील की थी.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले साल 2020 में भी इस तरह का मामला सामने आया था. तब परिवार के कुछ सदस्य घर तोड़कर वहां कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने के पक्ष में थे, जबकि कुछ लोग इस धरोहर को संरक्षित करना चाहते थे. इसी दौरान बिस्मिल्लाह खान के रियाज करने वाले कमरे को तोड़ने का काम भी शुरू किया गया था. हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद काम रुकवा दिया गया और कहा गया भविष्य में परिवार को किसी भी तरह की मरम्मत या निर्माण के लिए VDA से अनुमति लेनी होगी.


